Benefits of Weeds : अक्सर हमें खेतों में, बगीचों में या फिर अपने लॉन में खरपतवार (घास-फूस) उगे हुए जरूर नजर आ जाते हैं। इनको देखकर हम परेशान हो जाते हैं और इसे तुरंत उखाड़कर फेंकना चाहते हैं। हमें ऐसा लगता है कि ये खरपतवार हमारी फसल या सुंदर पौधों को नुकसान पहुंचाते हैं। लेकिन असल में ऐसा बिल्कुल भी नहीं है। कई बार खरपतवार हमारे बगीचे और मिट्टी के लिए बहुत फायदेमंद साबित होते हैं। ये मिट्टी की स्थिति को सुधारने, पोषक तत्वों को संतुलित करने और पर्यावरण को स्वस्थ बनाए रखने में मदद करते हैं। इसलिए खरपतवार को उखाड़ने से पहले आज उनके फायदे जान लेते हैं।
खरपतवार होते क्या हैं?
खरपतवार वो पौधे होते हैं जो बिना बोए ही खुद उन जगहों पर उग जाते हैं जहां पर हम इन्हें नहीं चाहते हैं। फसल के साथ ये जगह, पानी, पोषक तत्व, हवा और धूप के लिए मुकाबला करते हैं।
क्यों अपने उग जाते हैं खरपतवार
जब मिट्टी का संतुलन ठीक नहीं होता है तो उस स्थिति में खरपतवार आसानी से बढ़ जाते हैं। मिट्टी में जब पोषक तत्वों की कमी होने लगती है वह बहुत कड़ी या दबाव वाली होती है, उसमें जैविक पदार्थ कम होता है या पानी का संतुलन सही नहीं रहता, तब खरपतवार आसानी से फैलने लगते हैं। ये पौधे इस बात का संकेत होते हैं कि मिट्टी स्वस्थ नहीं है और उसे सुधार की जरूरत है।
खरपतवार के क्या हैं फायदे
- मिट्टी को उपजाऊ बनाते हैं – कुछ खरपतवार गहरी जड़ों के जरिए मिट्टी के नीचे से पोषक तत्व और पानी ऊपर लाते हैं, जिससे दूसरे पौधों को भी लाभ मिलता है।
- कठोर मिट्टी को मुलायम, हवादार बनाते हैं- इनकी जड़ें कठोर मिट्टी को तोड़ती हैं, जिससे मिट्टी मुलायम और हवादार बनती है।
- मिट्टी कटाव रोकते हैं – खरपतवार जमीन को ढककर रखते हैं, जिससे बारिश या हवा से मिट्टी बहने नहीं पाती है।
- ऑर्गेनिक मैटर बढ़ाते हैं – जब खरपतवार सूखकर मिट्टी में मिल जाते हैं, तो वे खाद यानी ऑर्गेनिक मैटर बनाते हैं, जिससे मिट्टी और बेहतर होती है।
- सूक्ष्मजीवों के लिए घर – ये छोटे-छोटे जीवों और कीड़ों को रहने और खाने की जगह देते हैं, जो मिट्टी को स्वस्थ रखते हैं।
- मिट्टी की स्थिति बताते हैं – खरपतवार देखकर पता लगाया जा सकता है कि मिट्टी में क्या कमी या समस्या है। ये एक नेचुरल इंडिकेटर की तरह काम करते हैं
- खाने और औषधि में उपयोग – कुछ खरपतवार जैसे बथुआ, चौलाई आदि खाने में इस्तेमाल होते हैं और पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं। कुछ में औषधीय गुण भी पाए जाते हैं।
खरपतवार के नुकसान जान लें
फायदे के साथ-साथ खरपतवार के नुकसान भी होते हैं। जैसे कि
1. ये फसल के साथ पोषक तत्व, पानी और धूप के लिए प्रतिस्पर्धा करते हैं, जिससे उत्पादन कम होता है।
2. खरपतवार के बीज फसल में मिलकर उसकी गुणवत्ता खराब कर देते हैं।
3. कुछ खरपतवार कीटों और बीमारियों को पनाह देते हैं, जो बाद में फसल को नुकसान पहुंचाते हैं।
4. इन्हें हटाने के लिए ज्यादा मेहनत, समय और पैसे की जरूरत होती है।
5. कुछ खरपतवार जहरीले होते हैं, जो पशुओं और इंसानों के स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं।








