भोपाल: मध्यप्रदेश में इस बार आम के सीजन में रिकॉर्ड तोड़ पैदावार हुई है। यहां की जलवायु और भौगोलिक परिस्थतियां आम की पैदावार के लिए बहुत अनुकूल है। प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में विभिन्न किस्मों के आमों का उत्पादन कर किसानों की भरपूर आय हो रही है। यहां की प्रदेश सरकार भी आम उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए कई तरह की योजनाएं चला रही हैं।
भोपाल में आयोजित होगा ‘मैंगो फेस्टिवल 2026’
इस साल प्रदेश में आम का खूब उत्पादन हुआ है। इसलिए राजधानी भोपाल में 13 जून 2026 को ‘मैंगो फेस्टिवल 2026’ का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन किसानों, उद्यानिकी विशेषज्ञों, व्यापारियों और उपभोक्ताओं को जोड़ने वाला बड़ा मंच साबित होगा। इस आयोजन के जरिए प्रदेश की विभिन्न किस्मों के आमों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही किसानों को आधुनिक खेती, प्रसंस्करण, पैकेजिंग और विपणन से जुड़ी नई तकनीकों की जानकारी भी दी जाएगी।
आम के उत्पादन में बंपर बढ़ोतरी
इस साल प्रदेश के अलीराजपुर, रीवा, शहडोल, सीधी, सतना, नर्मदापुरम, अनूपपुर और नरसिंहपुर जिलों में करीब 3200 हेक्टेयर क्षेत्र में आम उत्पादन विस्तार की योजना तैयार की गई है। इससे किसानों को उद्यानिकी आधारित खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा और प्रदेश में आम उत्पादन का दायरा और बढ़ेगा।
रीवा के सुंदरजा आम को GI टैग
रीवा जिले के मशहूर सुंदरजा आम को GI टैग मिला है जिससे मध्यप्रदेश की पहचान बढ़ी है। अपनी मिठास, सुगंध और खास स्वाद के लिए सुंदरजा आम देश-विदेश में खूब लोकप्रिय हो रहा है। GI टैग मिलने से प्रदेश के स्थानीय किसानों बेहतर बाजार मिलेगा और साथ ही साथ बढ़िया कीमत भी प्राप्त होगी।








