Weather Update: बंगाल की खाड़ी, अरब सागर और पश्चिमी विक्षोभ तीनों ही सिस्टम एक साथ एक्टिव हो गए हैं। इसके कारण देश के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवाएं और आंधी-तूफान का दौर शुरू हो गया है।
म्यांमार में मानसून ने दी दस्तक
मौसम विभाग के द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून का पहला संगठित चरण म्यांमार में 13 से 17 मई के बीच दस्तक दे सकता है, जो सामान्य तिथि 18 मई के करीब है। इसके बाद 18 से 22 मई के बीच यह मानसूनी प्रवाह म्यांमार के डेल्टा क्षेत्रों में आगे बढ़ने की संभावना है। म्यांमार मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि इस दौरान बंगाल की खाड़ी में मौसम काफी सक्रिय रहेगा, जिससे शुरुआती मानसून प्रणाली को मजबूती मिल सकती है।
बंगाल की खाड़ी में लो-प्रेशर सिस्टम बनने की संभावना
आगामी दो सप्ताह के अंदर बंगाल की खाड़ी में दो लो-प्रेशर सिस्टम बनने की संभावना जताई गई है। इनमें से एक के डिप्रेशन में बदलने की आशंका भी है। यह स्थिति मानसून के शुरुआती विकास के लिए अनुकूल मानी जा रही है।
मौसम विभाग ने जानकारी दी कि दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में उत्तरी श्रीलंका के पास एक नया लो-प्रेशर क्षेत्र बन चुका है, जिस पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। आगामी 48 घंटों में इसके और मजबूत होने की संभावना है।
अरब सागर में साइक्लोनिक सर्कुलेशन
अरब सागर और लक्ष्यद्वीप क्षेत्र के आसपास एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। यह सिस्टम केरल तट और कर्नाटक के आसपास मौसम को प्रभावित कर रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के सिस्टम के बीच आपसी प्रभाव मानसून की दिशा और गति तय कर सकता है।
देशभर के राज्यों में बारिश और तूफान का अलर्ट जारी
देश भर के तमाम दक्षिणी और पूर्वी हिस्सों में बारिश और तूफान गतिविधियां जारी है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और तेलंगाना में तेज हवाओं के साथ थंडरस्टॉर्म का अलर्ट है। कर्नाटक और लक्षद्वीप में अस्थिर मौसम साथ ही अगले 4-5 दिनों तक कई राज्यों में बारिश जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इन क्षेत्रों में 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।












