Sugarcane Technology Mission: हरियाणा सरकार गन्ने की खेती को प्रोत्साहित करने और किसानों को अधिक लाभ देने के लिए नई योजना लेकर आयी है। गन्ना प्रौद्योगिक मिशन के तहत अब जो किसान चार फीट की दूरी पर चौड़ी कतारों में गन्ना रोपण करेंगे, उन्हें प्रदेश सरकार की ओर से 5 हजार रुपये प्रति एकड़ की दर से प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। बता दें कि पहले यह राशि किसानों को तीन हजार रुपये प्रति एकड़ की दर से मिलती थी। 2 हजार रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से इसमें बढ़ोतरी की गई है।
5 हजार प्रति एकड़ की दर से मिलेगी प्रोत्साहन राशि
विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक में हरियाणा कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि हरियाणा का किसान केवल अन्न पैदा करने वाला नहीं, बल्कि प्रदेश की आर्थिक और सामाजिक स्थिरता का सशक्त आधार भी है। ऐसे में किसानों को मजबूत और आर्थिक रूप से सम्पन्न करने के लिए बीजेपी की सरकार किसानों को सहायता प्रदान कर रही है। कृषि मंत्री ने कहा कि 5 हजार रुपये प्रति एकड़ की दर से प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बजट में की थी, जिसे हरियाणा सरकार द्वारा स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।
15 अक्टूबर से शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया
कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने बताया कि बढ़ी हुई प्रोत्साहन राशि को प्राप्त करने के लिए गन्ना उत्पादक किसानों को पोर्टल के माध्यम से 15 अक्टूबर से 31 दिसंबर तक आवेदन करना होगा। फरवरी 2027 के अंत तक भौतिक सत्यापन करने के बाद संबंधित किसान को प्रोत्साहन राशि का भुगतान कर दिया जाएगा।








