Mint Farming Tips: गर्मी के इस मौसम में पुदीना किसी अमृत से कम नहीं है। ये खाने-पीने का स्वाद बढ़ाने के साथ-साथ शरीर को भी ठंडक देता है। आमतौर पर बाजार में बिकने वाला पुदीना ताजा नहीं होता है। आज हम आपको बतायेंगे कुछ आसान ट्रिक जिसकी सहायता से आप घर की बालकनी में ढ़ेर सारा पुदीना उगा सकेंगे।
कैसे करें पुदीना उगाने की शुरुआत
घर पर पुदीना उगाने के लिए छोटे-छोटे स्टेप्स की जरूरत है। आप इसे किसी गमले या फिर पुरानी टोकरी में भी उगा सकते हैं। सबसे पहले ऐसे गमले का चुनाव करें जिसमें जल निकासी के लिए अच्छे छेद हों। पुदीने को नमी तो पसंद है पर जड़ों में पानी जमा होना नहीं।
आप चाहे तो बाजार से लाए हुए ताजी पुदीने की टहनियों को भी उगा सकते हैं। इसके लिए केवल टहनी के नीचे की पत्तियां हटा दें और इसे पानी या सीधे मिट्टी में लगा दें। आप देखेंगे कि कुछ ही दिनों में इसमें नई जड़ें आने लगेंगी और आपका पौधा धीरे-धीरे पूरे गमले को कवर कर लेगा। इससे आपको ताजी पत्तियों की सप्लाई मिलती रहेगी।
मिट्टी का उपजाऊ और भुरभूरा होना जरूरी
पौधे के विकास के लिए मिट्टी का उपजाऊ और भुरभुरा होना बहुत जरूरी है। इससे इसकी जड़ें आसानी से फैल सकेंगी। आप मिट्टी में थोड़ी सी जैविक खाद या वर्मीकंपोस्ट मिला सकते हैं। यह इसे जरूरी पोषण देगा। गर्मियों के दौरान पुदीने को ऐसी जगह रखें जहां इसे सीधी और बहुत तेज धूप न मिले।
2-3 घंटे की धूप जरूरी
सुबह की दो-तीन घंटे की धूप इसके लिए काफी होती है। दोपहर की झुलसाने वाली गर्मी से बचाने के लिए इसे सेमी-शेड एरिया में रखना बेस्ट रहता है। समय-समय पर मिट्टी की नमी चेक करते रहें और हल्का पानी देते रहें जिससे पौधा हमेशा हरा-भरा बना रहे।








