हिसार: हरियाणा के हिसार जिले में धान की बुवाई की योजना बना रहे किसानों की खुशखबरी है। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, हिसार की ओर से किसानों को DSR तकनीक से धान की सीधी बुवाई करने की मशीन उपलब्ध कराई जा रही है। ऐसे में किसान भाई नाममात्र किराए देकर इस सुविधा का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर दिया जाएगा लाभ
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के एक अधिकारी ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि धान की सीधी बुवाई के लिए किसानों को DSR मशीन मात्र 115 रुपए प्रति एकड़ के किराए पर उपलब्ध कराई जा रही है। आमतौर पर गांव में किसी किराए पर काम करने वाले ट्रैक्टर वाले से धान की सीधी बुवाई के लिए 1 हजार रुपए से ज्यादा का भुगतान करना पड़ता है।
कृषि अधिकारी ने बताया कि पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर किसान खुद अपने ट्रैक्टर का प्रयोग करके धान की सीधी बुवाई के लिए DSR मशीन किराए पर ले सकते हैं। हिसार जिले में किसान भाई इस मशीन के लिए जेई आजाद सिंह के फोन नंबर 9416444144 पर संपर्क कर सकते हैं।
पानी की बड़े स्तर पर बचत करना
धान की बुवाई के लिए हरियाणा सरकार की ओर से 4,500 रुपए प्रति एकड़ प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। इस तकनीक का मुख्य उद्देश्य पानी की बड़े स्तर पर बचत करना है। इसके लिए किसानों को 20 मई से 10 जून के बीच मेरी फसल- मेरा ब्योरा पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराना होगा।
बता दें कि यह तकनीक लेबर और सिंचाई के पानी की भारी बचत करती है। इस योजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि जमीन की कोई सीमा निर्धारित नहीं की गई है। चाहे कोई किसान 1 एकड़ में धान की सीधी बुवाई करे या 100 एकड़ में, उसे प्रति एकड़ 4,500 रुपए राशि मिलेगी।








